भिलाई, छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित कला प्रशिक्षण संस्था, गीत वितान कला केन्द्र, भिलाई के 65 छात्र-छात्राओं ने हाल ही में नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित फिल्म एण्ड टेलीविजन कैम्पस सभागृह, गौशाला में आयोजित 12वीं अंतर्राष्ट्रीय नृत्य, संगीत, स्वर पाठ, नाटक एवं पेंटिंग प्रतियोगिता-महोत्सव में भारत एवं छत्तीसगढ़ का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया।

इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मणिपुर, मुंबई, असम सहित विभिन्न राज्यों एवं नेपाल से अनेक प्रतिभागियों ने भाग लिया। गीत वितान कला केन्द्र के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय राजगीत “अरपा पैरी के धार, महानदी हे अपार” समूह गायन के रूप में प्रस्तुत किया गया। साथ ही रवीन्द्र संगीत “आकाश जुड़े शूनीनू ओई बाजे” एवं “दोखीन हावा जागो जागो” की सामूहिक प्रस्तुति ने सभागार को भावविभोर कर दिया।


इसके अतिरिक्त सीनियर वर्ग में शास्त्रीय गायन, सुगम संगीत, भजन एवं सरस्वती वंदना की प्रस्तुतियाँ दी गईं। रवीन्द्रनाथ ठाकुर रचित नारी चरित्रों पर आधारित नृत्य-नाटिकाएँ “श्यामा”, “चित्रांगदा” एवं “चंडालिका” की प्रभावशाली मंच प्रस्तुति को भी विशेष सराहना मिली।
वादन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गिटार एवं की-बोर्ड के समूह वादन के माध्यम से “वन्दे मातरम्” तथा “माँ सरस्वती शारदे” की मधुर धुन प्रस्तुत की। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में 14 विद्यार्थियों ने कैनवास पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में गीत वितान कला केन्द्र के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित करते हुए :
- -रवीन्द्र संगीत समूह गायन (ओपन कैटेगरी) में प्रथम पुरस्कार
- -समूह वादन में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार
- -सेमी क्लासिकल नृत्य में द्वितीय पुरस्कार
- -एकल वादन में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार
- -रवीन्द्र संगीत गायन (सीनियर वर्ग) में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार
- -चित्रकला सीनियर वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार
- -जूनियर वर्ग चित्रकला में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किए।
इस अवसर पर नेपाल संगीत एवं नृत्य महोत्सव में गीत वितान कला केन्द्र के निर्देशक एवं संगीत गुरु गुरु मिथुन दास को रवीन्द्र संगीत एवं विविध कला क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रतिष्ठित “अंतर्राष्ट्रीय संगीत गुरु कंचनजंघा सम्मान” से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नेपाल फिल्म कैम्पस की निर्देशिका मंजू गिरी, गौरी महाविद्यालय, काठमांडू के प्रबंध निर्देशक भुवन बड़ाल तथा सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश भेटवाल ने गीत वितान कला केन्द्र के विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए।

गीत वितान कला केन्द्र की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर संस्था के मुख्य संरक्षक एवं ओ.ए. अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर, वी.के. मोहम्मद, महासचिव वंश बहादुर सिंह, बीमान दास, सरसीज घोष, रजनी सिन्हा, सोमेन कुंडू, मानव सेन, कला साहित्य अकादमी,छत्तीसगढ़ (कवच) के अध्यक्ष शक्ति चक्रवर्ती एवं कवच के प्रवक्ता, शांतनु दासगुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने विद्यार्थियों एवं संस्था परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।